टूंडला। प्रदेश की योगी सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। शहरी क्षेत्र के गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्वला योजना के अलावा अन्य योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है। यह बात कैबिनेट मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने नगर के रामलीला मैदान में आयोजित चौपाल में जन समस्याएं सुनते हुए कहीं।
कैबिनेट मंत्री अपने निर्धारित समय से ढाई घंटे की देरी से करीब साढे आठ बजे रामलीला मैदान पर पहुंचे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचे इसलिए रात्रि चौपाल और बैठकें की जा रही हैं। इन चौपालों में मंत्री, सांसद और विधायकों के अलावा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भेजा जा रहा है। इस दौरान उन्होंने समस्याएं सुन उनका निराकरण कराए जाने का आश्वासन दिया।
इस दौरान साक्षी चतुर्वेदी नामक युवती ने बच्चों ने मजदूरी कराए जाने को लेकर हंगामा कर दिया। युवती का कहना था कि बच्चों से श्रम कराने वाले माता-पिता को दंडित किया जाए। युवती ने बाल श्रम कराने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों ने आवास, बिजली, पानी और साफ-सफाई को लेकर मंत्री से शिकायत की। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को तत्काल शिकायतों का निस्तारण कराए जाने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम डॉ. सुरेश कुमार, सीओ संजय वर्मा, पूर्व ब्लाक प्रमुख हनुमंत बघेल, तहसीलदार राजेश कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे। संचालन जिला मत्स्य अधिकारी किशन शर्मा ने किया।