फिरोजाबाद। रमजान का आखिरी जुमा की नमाज शुक्रवार को सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद सहित शहर की प्रमुख मस्जिदों में पुलिस-प्रशासन की चाक चौबंद व्यवस्थाओं के बीच अदा की गई। रोजेदारों ने अमन चैन की दुआ की।
दोपहर 12 बजे से पहले ही बाजार की ओर जाने वाले रास्तों को ही बैरियर लगाकर रोक दिया था। चार पहिया वाहन विवेकानंद चौराहे पर रोके जा रहे थे। दोपहिया वाहनों को सिनेमा चौराहे से अंदर की ओर जाना प्रतिबंधित कर दिया था। सिर्फ नमाज अदा करने को जाने वालों को रास्ता दिया गया। इधर बाजार की ओर जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया था। सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद में 1.40 बजे शहर मुफ्ती और जामा मस्जिद के इमाम अब्दुल अलीम ईसा ने हजारों की रोजेदारों को नमाज अदा कराई। अल्लाह ताला की बारगाह में हजारों सिर एक साथ झुके। उन्होंने नमाज अदा करने के साथ ही मुल्क में अमन चैन की दुआ मांगी।
शहर मुफ्ती अब्दुल अलीम ईसा ने कहा रमजान का महीना तो हमें नेक रास्तों पर चलने की सीख देता है। गरीबों को भूखे रहने पर कैसे कष्ट होता है यह अहसास रमजान का माह ही कराता है। उन्होंने बीमारों को स्वस्थ करने, कारोबार में तरक्की किए जाने की दुआ मांगी। इस दौरान एमएलसी सपा असीम यादव, हिकमत उल्ला खां, विजय आर्या, राजकुमार राठौर,राम प्रताप सिंह गुर्जर, बंटू कठेरिया,पूर्व विधायक अजीम भाई, गुलाम साबिर, कांग्रेस के शहर अध्यक्ष गुलाम जीलानी, भूरा कुरैशी, आमिर अली, नुरुलहुदा लाला राइन, महबूब अजीज, असलम भोला, सलीम धम्मू, बसपा शहर अध्यक्ष शफातखान मौजूद थे। नमाज के दौरान डीएम नेहा शर्मा, एसएसपी राहुल यादवेंदु के निर्देशन में एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह, एडीएम अतुल सिंह, एसडीएम सदर चंद्रभानु सिंह, एसएचओ उत्तर प्रवींद्र कुमार सिंह जामा मस्जिद के करीब सक्रिय थे।
दुकानदारों ने कौमी एकता की पेश की मिशाल
रोजेदार देर से पहुंचे तो नमाज अदा करने के लिए स्थान ही नहीं मिला। हिंदू दुकानदारों ने अपनी दुकानों में रोजेदारों को नमाज की जगह देकर कौमी एकता की मिशाल पेश की। वहीं खाकसार तहरीक अल हिंदी के हनीफ खाकसार व जहीर खाकसार के नेतृत्व में उनकी टीम पुलिस फोर्स के साथ ही व्यवस्थाओं को संभालती दिखाई दी।
शिया इमामबारगाह में अदा की गई नमाज
फिरोजाबाद। शिया समुदाय की जुमा अलविदा की नमाज मोहल्ला कोटला में स्थित शिया इमामबारगाह में अदा की गई। काफी संख्या में रोजेदार शिया इमामबारगाह में एकत्रित हुए। मौलाना जुहैर अब्बास खान साहेब जौनपुरी ने नमाज अदा कराई। नमाज अदा करने के साथ ही मुल्क में अमन चैन की दुआ मांगी। इस दौरान शिया समुदाय के अध्यक्ष मंसूर रिजवी सहित काफी लोग मौजूद थे।
कमेटी से सचिव ने आभार व्यक्त किया
जामा मस्जिद कमेटी के सचिव सूफी अंसार हुसैन शाह ने जुमा अलविदा की नमाज के लिए की व्यवस्थाओं के लिए डीएम नेहा शर्मा,एसएसपी राहुल यादवेंदु,मेयर नूतन राठौर व नगरआयुक्त जितेंद्र सिंह,एसपी सिटी राजेश सिंह,एडीएम अतुल सिंह,नगर मजिस्ट्रेट,सीओ सिटी सहित सभी राजनीतिक दलों,सामाजिक संगठनों एवं दुकानदारों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।