पटियाली के अग्रि पीड़ित गांव रिकैरा, नगला नियाज अली, नगला दुरगू एवं नगला करन में लगातार राहत का काम जारी है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने अग्नि पीड़ित गांवों में जाकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं वितरित की। वहीं आग की लपटों से झुलसे ग्रामीणों को भी दवा एवं मलहम दी गई। समाज सेवी संस्थानों ने भी अग्नि पीड़ितों को राहत का सामान दिया गया।
अग्नि पीड़ित गांवों में पटियाली के चिकित्साधीक्षक कुलदीप सिंह, गंजडुंडवारा के चिकित्साधीक्षक डा. मुकेश प्रभावित गांवों में पहुंचे। प्रभावित गांव में ग्रामीणों की चिकित्सा की गई। बुखार व उल्टी दस्त से कई ग्रामीण प्रभावित पाए गए। उन सभी पीड़ितों को चिकित्सकों ने दवा दी। इसके अतिरिक्त आग से झुलसे सभी लोगों को दवाएं व मलहम आदि उपलब्ध कराया गया।
विधायक ममतेश शाक्य ने अग्रि प्रभावित गांव में पहुंचकर राहत सामग्री का वितरण किया। वहीं नगला दुरगू में मौत का शिकार हुए बालक कालीचरन के घर पर लोगों का तांता लगा रहा। कालीचरन का पिता काफी बेसुध था। वहीं नगला करन में आग से मौत का शिकार हुई बालिका डिंपल की मां पूजा व परिवारीजन काफी परेशान थे। अग्नि प्रभावित गांव में अनुभूति संस्था की ओर से भी अग्नि पीड़ितों को मदद की गई। कपड़े वर्तन एवं खाद्य सामग्री दी गई।