रेल कर्मियों की सतर्कता मापने के लिए रेल प्रशासन ने कासगंज-मथुरा रेलमार्ग पर मालगाड़ी की क्रॉसिंग पर किसी वाहन से भिड़ंत होने की सूचना पर रेलवे का हूटर बजाया। इससे रेलकर्मी आनन-फानन में एकत्रित हुए। रेलवे कंट्रोल ने दुर्घटना राहत ट्रेन को मौके पर जाने के निर्देश दिए।
शनिवार की रात्रि को साढ़े 12 बजे के बाद हूटर बजाया गया। हूटर की आवाज सुनते ही स्टेशन पर मौजूद यात्री सख्ते में आ गए और हर कोई पूछताछ केंद्र और स्टेशन अधीक्षक के कमरे की ओर जानकारी के लिए दौड़ पड़ा। रात्रि के समय कई यात्री ट्रेनों का आवागमन होता है। ऐसी स्थिति को देखते हुए यात्रियों में बेचैनी होने लगी।
विज्ञापन
जब उन्हें मालगाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना हुई तो कुछ राहत में आए, लेकिन मालगाड़ी की दुर्घटना कहां और कैसे हुई यह जानने के लिए रेल यात्री प्लेटफार्म पएर एकत्रित नजर आए। एआरटी ट्रेन में दुर्घटना राहत दल के कर्मी सवार हो गए और गाड़ी गंतव्य की ओर रवाना होने लगी। काफी दूर तक गाड़ी निकल तजाने के बाद रेलवे प्रशासन ने मॉक ड्रिल किए जाने के संबंध में जानकारी दी। तब रेल कर्मी राहत में आए।
दुर्घटनाराहत ट्रेन भी वापस स्टेशन की ओर आई। घटना के संबंध में इज्जतनगर रेलमंडल के सेफ्टी कैरिज एवं वैगन प्रभारी हीरालाल ने ड्रिल के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेल कर्मियों की सतर्कता परखने के लिए ये ड्रिल किया गया। मोक ड्रिल की जानकारी जब यात्रियों एवं रेल कर्मियों को हुई तो उन्होंने राहत की सांस ली।