फिरोजाबाद/सिरसागंज। सोमवार को जेबकटी करने वाले गिरोह ने दो किसानों को अपना शिकार बना लिया। किसान सिरसागंज के पशु मेले में भैंस खरीदने के लिए आए थे।
मामला सोमवार का है जब एका निवासी किशनपाल पुत्र विद्याराम निवासी सैमडी थाना एका व उनके साथ अजब सिंह पुत्र लखीराम निवासी गाजियाबाद एक लाख 15 सौ रुपये लेकर बाजार में भैंस लेने आए थे लेकिन बाजार में कोई भैंस पसंद न आने पर दोनों घर लौट रहे थे। नये टेंपों स्टैंड एमडी जैन स्कूल के पास पहुंचे और शिकोहाबाद जाने के लिए एक मैजिक में बैठ गए।
मैजिक में उसके बगल में बैठे एक युवक ने बड़ी ही चतुराई से अजब सिंह की जेब काट ली। वह युवक मैजिक को रुकवा कर एक बाइक पर अपने साथी के साथ फरार हो गया। युवक के अचानक उतर कर जाते ही अजब सिंह को शक हुआ तो उन्होंने अपनी जेब देखी तो उसमें रखे रुपये गायब थे। तुरंत ही अजब सिंह ने भी गाड़ी रुकवाई लेकिन तब तक युवक फरार हो चुके थे। देर शाम थाने पर पहुंच कर किसानों ने पुलिस को लूट की तहरीर दी है।