मैनपुरी/किशनी/आलीपुरखेड़ा। यूपी बोर्ड परीक्षा मंगलवार से कड़ी निगरानी के बीच शुरू हो गई। पहले दिन परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्थाएं मिलीं। हाईस्कूल के 8281 और इंटर के 5910 परीक्षार्थी प्रथम पाली की परीक्षा में बैठे। कई केंद्रों पर अव्यवस्थाएं मिली थीं। कहीं बिजली नहीं थी तो कहीं फर्नीचर टूटे थे।
यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन प्रशासनिक दावे खोखले साबित हुए। परीक्षा केंद्रों पर छात्र-छात्राएं अव्यवस्थाओं से जूझते रहे। कई कालेजों पर छात्र-छात्राओं को मानक के अनुसार नहीं बैठाया गया। सुबह की पाली में पहले एक घंटे तक बादल छाए रहे जिसके चलते छात्र-छात्राओं को प्रकाश की कमी के कारण प्रश्नपत्र पढ़ने तथा जवाब देने में दिक्कत उठानी पड़ी। शाम की पाली में भी अंतिम एक घंटे में छात्र-छात्राओं को कई कालेजों में परीक्षा कक्ष में दिक्कत का सामना करना पड़ा।
अलीपुरखेड़ा के भारती इंटर कालेज भैंसरोली सहायता प्राप्त है। यहां परीक्षा की प्रथम पाली में छात्र-छात्राओं के लिए फर्नीचर की व्यवस्था नहीं हो सकी। जानकारी होने पर डीआईओएस जीएस राजपूत ने एक अन्य कालेज से यहां फर्नीचर की व्यवस्था कराई। परीक्षा केंद्रों से 100 मीटर की दूरी पर किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया गया। किशनी के एक परीक्षा केंद्र पर बिजली गुल हो जाने के कारण कैमरा भी बंद हो गया। इसके बाद स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने केंद्र व्यवस्थापक को फटकारा। करीब बीस मिनट बाद जेनरेटर चलाया तब बिजली का प्रबंध हो सका।
प्रथम पाली
हाईस्कूल
बालिका गृहविज्ञान
पंजीकृत छात्राएं- 10573
उपस्थित- 8280
अनुपस्थित-2293
बालक गृहविज्ञान
पंजीकृत- 01
उपस्थित-01
अनुपस्थित-00
इंटरमीडिएट
हिंदी साहित्य प्रथम प्रशभनपत्र
पंजीकृत- 8440
उपस्थित- 5910
अनुपस्थित- 2530
किशनी। नगर के बीएएनएम इंटर कॉलेज में सचलदल प्रभारी नजिर सिंह की टीम ने एक परीक्षार्थी की जेब से एक स्मार्ट फोन पकड़ा। टीम के प्रमुख नाजिर सिंह के आदेश पर केंद्र व्यवस्थापक दिनेश चन्द्र अवस्थी ने 12वीं के छात्र के विरुद्ध थाना किशनी में मामला दर्ज कराया है। कई केंद्रों में प्रकाश की समुचित व्यवस्था न होने के कारण परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र पढ़ने और उत्तर पुस्तिका पर लिखने में भी समस्या आ रही है। क्षेत्र के मुलायम सिंह इंटर कॉलेज सुमन नगर बरुआ के केंद्र व्यवस्थापक महेश यादव ने बताया कि उन्होंने उप जिलाधिकारी के आदेश के बाद सारे जंगले और खिड़कियां बंद करवा दी।
किशनी। कई विद्यालयोें में छात्र-छात्राओं से नकल तलाशी करने के नाम पर उनके जूते-मोजे और चप्पलें मुख्य गेट पर ही उतरवाकर रखवा दिए। इस कारण सर्दी में छात्र-छात्राओं को परेशानी हुई। जूते, मोजे और चप्पल उतरवाने पर केंद्र व्यस्थापक महेश यादव ने कहा कि जिलाधिकारी ने आदेश दिया था कि जूते उतरवाकर तलाशी की जाए। यदि किसी केंद्र पर नकल पकड़ी गई तो केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
किशनी। रामवती इंटर कॉलेज सभापुर की छात्रा रिंकी रोल नंबर 0130279 निवासी लक्ष्मणपुर कन्नौज बाइक खराब हो जाने के कारण स्वामी सदानंद राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के परीक्षा केंद्र पर एक घंटा बीस मिनट देरी से आई। गौरतलब है कि परीक्षा साढे़ सात पर शुरू हो जाती है, जबकि रिंकी आठ बजकर पचास मिनट पर केंद्र पर पहुंची। इस पर केंद्र व्यवस्थापक रामवीर सिंह यादव ने उसे परीक्षा में बिठाने से मना कर दिया। सहमी सी रिंकी को बिना परीक्षा दिये ही घर वापस जाना पड़ा। रिंकी ने बताया कि वह भाई के साथ बाइक से परीक्षा देने आ रही थी। रास्ते में बाइक खराब हो गई। किसी तरह वह यहां तक पहुंची।