मथुरा। जिले के किसानों का 125 करोड़ रुपये ऋण और माफ हो गया है। यह राशि 15481 किसानाें के बैंक खातों में पहुंच रही है। इस तरह अब तक जिले के किसानों को 247 करोड़ रुपये की सौगात मिल चुकी है।
ऋण मोचन योजना के तहत जिले के किसानों के लिए दूसरी किस्त भी आवंटित कर दी गई है। इस किस्त में जिले के 15481 किसानों को 125 करोड़ रुपये मिल रहे हैं। इससे पहले 15602 किसानों के 122.21 करोड़ रुपये ऋण माफ किया गया था। पहली किश्त में मिली धनराशि के प्रमाण पत्रों का वितरण भी लगभग पूरा हो गया है। अब द्वितीय किश्त के प्रमाण पत्रों का वितरण 27 सितंबर से शुरू होगा। जिला कृषि अधिकारी डा. प्रमोद कुमार ने बताया कि द्वितीय किश्त को लेकर शासन से दिशा निर्देश मिल चुके हैं। इनका वितरण 27 सितंबर से करना है। बैंक शाखाओं की ओर से बकाएदार किसानों की जो सूची उपलब्ध कराई जा रही है, उसी के मुताबिक धनराशि आवंटित हो रही है। 10 हजार से कम वालों को इस बार प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जाएंगे। ऋण की किश्त किसान के खाते में पहुंचते ही मोबाइल पर संदेश पहुंच रहा है।