मैनपुरी। बिजली की लगातार आवाजाही और अघोषित कटौती ने लोगों को परेशान कर रखा है। रात की कटौती से जहां लोगों की नींद पूरी नहीं हो रही है। वहीं सुबह पानी की समस्या से भी लोग जूझते हैं। छात्र छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो रही है। खेती, कारोबार पर भी इसका असर है। इसे लेकर अब लोगों का गुस्सा भी फूटने लगा है।
जिले में करीब 20 दिनों से बिजली आपूर्ति रोस्टर बेमानी बना है। शहर से लेकर देहात तक बिजली की आवाजाही से जहां लोग परेशान हैं। शुक्रवार की रात मोहल्ला कटरा, मिश्राना, पुरोहिताना क्षेत्र में रात नौ बजे के बाद शुरू हुई बिजली की आवाजाही आधी रात के बाद भी जारी रही।
वहीं शनिवार को पूरे दिन बिजली की बार-बार कटौती होती रही। यही हाल ग्रामीण क्षेत्रों का भी है। देहात के कुर्रा, एलाऊ, कुसमरा, बेवर क्षेत्र के बड़े इलाके में शुक्रवार रात से शनिवार की दोपहर तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
छात्रा प्रज्ञा, कोमल, छात्र अग्रिम, पवतेंद्र आदि विद्यार्थियों का कहना है रात में जब पढ़ने का समय होता है, तभी बिजली का आना जाना शुरू हो जाता है। शुक्रवार को भी रात नौ बजे के बाद बिजली आधी रात तक ट्रिप होती रही। इस कारण पढ़ाई नहीं हो सकी। बिजली की कटौती के कारण होमवर्क करने तक में परेशानी होती है।
गुंजन जैन, मनोज चतुर्वेदी, संतोष मिश्रा, बाली राठौर, का कहना है बिजली की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने से पानी सप्लाई भी प्रभावित होती है। रात की कटौती के कारण सुबह जलापूर्ति नहीं होती। इससे घरेलू काम निपटाने के साथ ही बच्चों को स्कूल के लिए तैयार करने तक में परेशानी होती है। समय से पानी नहीं आने से लोगों की दिनचर्या ही बिगड़ जाती है।