एटा। ग्राम पंचायत सचिवों का वेतन रोके जाने के बाद कार्ययोजना फीडिंग ने रफ्तार पकड़ ली है। जिले की 499 ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना पंचायत राज विभाग को प्राप्त हो चुकी है। हालांकि 31 जुलाई तक कार्ययोजना फीड होने का काम पूरा किया जाना था, लेकिन अब विभाग तेजी से कार्ययोजना फीडिंग में जुटा है।
दरअसल, ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के लिए हर साल वार्षिक कार्ययोजना को प्लान प्लस सॉफ्टवेयर पर फीड किया जाता है। पंचायती राज निदेशक विजय किरन आनंद ने हर हाल में 31 जुलाई तक जिले की सभी ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना फीड करने के निर्देश दिए थे, लेकिन जिले में पंचायत सचिवों की मनमानी से काम पूरा नहीं हो सका। इसके बाद डीपीआरओ ने 23 ग्राम पंचायत सचिवों का वेतन रोक दिया। कार्रवाई होने के बाद ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना फीडिंग में तेजी आई है।
बीते चार दिन में 499 ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना फीड हो चुकी है। अब तक शीतलपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत सचिव सुस्त चल रहे हैं। डीपीआरओ धनंजय जायसवाल ने बताया कि कार्ययोजना फीडिंग का काम 15 अगस्त से पहले पूरा होना है। जो ग्राम पंचायत सचिव मनमानी कर रहे हैं, उनके निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।