आगरा। एसएन मेडिकल कालेज के हड्डी रोग विभाग में रात की ड्यूटी को लेकर उपजे विवाद में दो जूनियर डाक्टर आपस में भिड़ गए। जूनियर रेजीडेंट ने मारपीट कर रैगिंग का आरोप लगाया है। रैगिंग की शिकायत मिलने पर मामले की जांच एंटी रैगिंग सेल को सौंप दी गई है।
मामला इमरजेंसी में गुरुवार की रात कमरा नंबर 115 का है। यहां गंभीर मरीजों का इलाज होता है। हड्डी रोग विभाग के पोस्ट ग्रेजुएशन प्रथम साल के डा. सौरभ द्विवेदी की ड्यूटी थी। डा. सौरभ का आरोप है कि उनके साथ पोस्ट ग्रेजुएशन के अंतिम वर्ष के डा. विकास मिश्रा ने रात में उनके साथ बिना वजह मारपीट कर रैगिंग की है। इसकी शिकायत लेकर थाने भी गए।
डा. मिश्रा जूनियर डाक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। इनका कहना है कि रात में ये ड्यूटी से गायब थे, मरीज आने पर इनको फोन कर बुलाकर डांट दिया था। प्राचार्य डा. सरोज सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर रैगिंग की जांच एंटी रैगिंग सेल को सौंप दी है। मामले की जांच सेल के अध्यक्ष अध्यक्ष डा. एसके कठारिया कर रहे हैं।