मथुरा। महावन नगर पंचायत के चेयरमैन समेत पांच के खिलाफ जानलेवा हमला और बवाल में थाना महावन में मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस मामले में चेयरमैन, उनके दो बेटे और दो भाइयों को पकड़ने के लिए महावन पुलिस ने दबिश दीं, पर हाथ कोई नहीं लग सका। मंगलवार को पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोसी पर हमला किया गया था।
थाना महावन के कस्बा निवासी हाजी शमीउद्दीन ने नगर पंचायत के चेयरमैन हाजी चुन्नू, उसके बेटे भोला उर्फ इकबाल, सटुआ उर्फ अनीश, भाई हकीमुद्दीन और बशरु उर्फ बल्लू के खिलाफ जानलेवा हमले, बलवे आदि संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
आरोप है कि मंगलवार को नामजदों ने हाजी शमीउद्दीन के परिवार पर हमला बोला था। ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे से हमला किया था। हमले में इमरान और शकीम घायल हो गए थे। थाना प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि चेयरमैन, उनके दो बेटे और दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।