कोसीकलां (मथुरा)। कृषि अनाज मंडी में बुधवार को राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के कार्यकर्ताओं ने हरियाणा की तर्ज पर आढ़तियों के माध्यम से गेहूं की खरीद कराने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महासंघ के बृज प्रांत अध्यक्ष दीपक चौधरी ने कहा कि हरियाणा की तर्ज पर आढ़तियों के माध्यम से गेहूं की खरीद होनी चाहिए। आढ़तियों के माध्यम से सरकार द्वारा गेहूं नहीं खरीदना एक सोची समझी रणनीति का हिस्सा है, क्योंकि अगर गेहूं की खरीद मंडी में आढ़तियों के माध्यम से होती है तो यहां के व्यापारियों, किसानों व मजदूरों को फायदा होगा।
किसान मजबूरन अपना अनाज हरियाणा की मंडियों में ले जाता है, जिससे प्रदेश सरकार को बड़े राजस्व की भी हानि होती है।
खाद्यान्न व्यापारी संघ अध्यक्ष यादी लंबरदार ने कहा कि यह क्षेत्र हरियाणा व राजस्थान से भी जुड़ा हुआ है। अगर आढ़तियों के माध्यम से गेहूं खरीद होती है तो नगर का समूचा बाजार ही चमक उठेगा।
रामवीर चौधरी ने कहा कि यह आंदोलन अब जनआंदोलन होकर रहेगा। प्रदर्शन में सुंदर सिंह, साहब सिंह प्रधान, रामचंद शर्मा, सुखदेव, करमवीर तोमर, राधे सेठ, जवाहर लाल, महेश पाल, सतवीर, बाबू, बिजेंद्र, चौखेलाल, शिवकांत, कल्याण ठाकुर आदि उपस्थित रहे।