मैनपुरी। किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने कलक्ट्रेट के तिकोनिया पार्क में धरना दिया। उन्होंने राष्ट्रपति व राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा। भाकपा के जिला सचिव डॉ. रामधन ने बताया कि लोकसभा चुनाव से पहले सरकार ने किसानों से बड़े-बड़े वादे किए थे। इसमें फसलों की लागत का डेढ़ गुना समर्थन मूल्य देने, विदेशों से काला धन वापस लेने, सभी के खाते में 15 लाख रुपये भेजने आदि शामिल थे। आज तक इनमें से सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया।
उन्होंने कहा कि सरकार को स्वामीनाथ आयोग की रिपोर्ट लागू करने के साथ ही, 60 वर्ष से अधिक की आयु के लोगों को पांच हजार रुपये मासिक पेंशन देने, युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने, किसानों को शून्य ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने, आवारा जानवरों से निजात दिलाने की मांग की। उन्होंने राष्ट्रपति व राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन में कहा कि अगर जल्द ही उनकी मांगों पर विचार न किया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान जगवीर सिंह, राधेश्याम यादव, जितेंद्र सिंह शाक्य, हरिओम यादव, जगदीश कुमार, मुकुट सिंह, अजीम, होरीलाल आदि मौजूद रहे।