एटा। जिले में दो जनवरी से आयोजित होने जा रही जिला कृषि एवं औद्योगिक विकास प्रदर्शनी पर इस बार भी महंगाई छाई रहेगी। प्रदर्शनी को लेकर 1.05 करोड़ रुपये में ठेका उठने के बाद दुकानदारों की आमद कम होने की संभावना है।
जिले में दो जनवरी से जिला कृषि एवं औद्योगिक विकास प्रदर्शनी का आयोजन कराने की तैयारियां चल रही हैं। प्रदर्शनी में टेंट, लाइट और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर हुई बोली में 1.05 करोड़ रुपये में ठेका उठा है। अब ठेकेदार व्यवस्था जुटाने के साथ बाहरी जिलों से आने वाले दुकानदारों को जगह मुहैया कराएंगे और वसूली करेंगे। ऐसे में साफ है कि एक दुकानदार को कम से कम चार से पांच हजार रुपये दुकान लगाने के लिए खर्च करने होंगे और इसका असर प्रदर्शनी में होने वाली बिक्री पर पड़ेगा। पिछली बार आयोजित किए गए एटा महोत्सव में भी ऊंची बोली होने के चलते दुकानदारों से तीन हजार रुपये वसूल किए गए थे। इसे लेकर कई बार दुकानदारों ने प्रदर्शन किया था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि ऊंची बोली होने के चलते तमाम दुकानदार प्रदर्शनी से किनारा कर सकते हैं। साथ ही कई दुकानदारों ने तो आयोजन में शामिल होने से इनकार कर दिया है।
सहालगी सीजन बढ़ाएगा परेशानी
प्रदर्शनी को लेकर दुकानदार इसलिए भी परेशान हैं कि जनवरी में सहालगी सीजन है। इसके चलते भीड़ कम रह सकती है। साथ ही अगर ठंड बढ़ती है, तो भी प्रदर्शनी पर असर पड़ेगा। दुकानदार रविंद्र बताते हैं कि प्रदर्शनी में दुकान लगाना अब महंगा हो गया है। साथ ही लागत भी नहीं निकल पाती है। इसलिए कई दुकानदार प्रदर्शनी में नहीं आएंगे।