पटवाई के मथुरापुर पर पीसीएफ के केंद्र पर खुले में पड़ा गेहूं । अमर उजाला
एटा। निधौलीकलां के गोदाम में रखा दो हजार क्विंटल गेहूं के सड़ने की कगार पर पहुंचने की जानकारी पर आनन-फानन में धूप में सुखाने का काम तेज हो गया है। हालांकि डीएम आईपी पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम वित्त एवं राजस्व और डिप्टी आरएमओ को मामले की जांच सौंपी है। जांच रिपोर्ट पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निधौलीकलां के राज्य भंडारण निगम के गोदाम में करीब दो हजार क्विंटल गेहूं खुले आसमान में रखा है। विगत दिनों बारिश में गेहूं भीग गया है। वहीं बोरों से गेहूं अंकुरित भी हो गया है। अमर उजाला ने 26 सितंबर के अंक में ‘सड़ने की कगार पर गरीबों का निवाला’ शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद डीएम आईपी पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हएु एडीएम वित्त एवं राजस्व महेश चंद्र शर्मा और डिप्टी आरएमओ प्रज्ञा शर्मा को मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। डीएम ने साफ कर दिया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।
- तिरपाल हटाकर सुखाए गेहूं के बोरे
गुरुवार को धूप निकलते ही गोदाम प्रभारी ने गेहूं के बोरों से तिरपाल को हटवा दिया। वहीं गीले गेहूं के बोरों को उलट-पलट कराया गया।
एफसीआई गोदाम से आया गेहूं
निधौलीकलां रोड स्थित राज्य भंडारण निगम के गोदाम के एसएमआई भगवत स्वरूप का कहना है कि खुला रखा गेहूं एफसीआई गोदाम से भेजा गया है। अंदर गोदाम में जगह नहीं है। इस कारण उसे बाहर खुले में रखा गया है।
गेहूं भीगने का मामला गंभीर है। एडीएम वित्त एवं राजस्व और डिप्टी आरएमओ को मामले की जांच सौंपी गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
आईपी पांडेय, जिलाधिकारी