पटियाली/गंजडुंडवारा। कस्बा गंजडुंडवारा के मोहल्ला इमाम बख्श में गैस सिलिंडर के पाइप में आग लगने से दंपति झुलस गए। दंपति को अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मोहल्ला इमाम बख्श निवासी शादाब पुत्र दिलशाद की पत्नी हिना रसोई में गैस पर खाना पका रही थी। अचानक गैस के पाइप में आग लग गई। आग की चपेट में आकर हिना के कपड़ों में आग लग गई।
उसकी चीख पुकार सुनकर उसे बचाने के लिए पति शादाब भी पहुंच गया। पत्नी को आग से घिरा देखकर वह घबरा गया और उसने आनन फानन में आग को बुझाना शुरु कर दिया। गैस सिलिंडर का रेगुलेटर बंद किया। पत्नी को बचाने के प्रयास में वह भी झुलस गया। घटना की जानकारी जब आस-पास के लोगों को हुई तो वह भी मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने दंपति को झुलसे हुए देखा तो उन्हें कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने उनका प्राथमिक उपचार किया और उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उनकी स्थिति को गंभीर देखते हुए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।