फिरोजाबाद। सरकार के आदेश पर रविवार से पॉलिथीन प्रतिबंधित कर दी गई। ठेल, खोमचे, परचून की दुकानों पर ग्राहकों को जब कागज की थैली में सामान दिया गया, तो लोग चौंक गए। मांगने पर पॉलिथीन छिपा कर दी गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 जुलाई से पूरे प्रदेश में 50 माइक्रोन तक पतली पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगा दिया है। सुभाष तिराहे सहित प्रमुख चौराहों पर पॉलिथीन पर प्रतिबंध के संबंध होर्डिंग व बैनर लगवाए गए। रविवार को सुहाग नगर, जैन मंदिर, सुभाष तिराहा, जलेसर रोड, कोटला रोड, रामलीला चौराहा, गंज बाजार, दुली चौराहा सहित अन्य चौराहों पर खड़े ठेलों पर पॉलिथीन में सामान छिपा कर देते हुए दिखाई दिए। मुख्य बाजार सेंट्रल चौराहा, गंज चौराहा, सदर बाजर, घंटाघर, बजरिया क्षेत्र में पॉलिथीन पर प्रतिबंध का असर अवश्य देखने को मिला। बाजार में अधिकांश व्यापारियों ने कागज के थैले में ग्राहकों को सामान दिया। दुकानों पर इससे संबंधित सूचना भी चस्पा की गई।
महापौर नूतन राठौर ने रविवार को पार्षदों के साथ सुभाष तिराहे से अभियान चलाकर दुकानदारों, ठेल वालों को प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन के इस्तेमाल से नाले-नालियां चोक हो जाती हैं। इससे पर्यावरण को नुकसान हो रहा है, अत: कागज के बैग में सामान दें। मौके पर पार्षद हरिओम वर्मा, प्रमोद राजौरिया, मनोज ताऊ, विजय शर्मा पार्षद पति सुनील मिश्रा आदि मौजूद रहे।