एटा। विजयदेवपुर में मंदिर के महंत की मौत के बाद उनकी अंत्येष्टि रोकने को लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे सीओ, तहसीलदार के हस्तक्षेप के बाद महंत की अंत्येष्टि हो सकी।
थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव विजयदेवपुर में काफी पुराना मंदिर है। जिसकी देखरेख बदायूं निवासी बाबा दर्शनानंद (80) कर रहे थे। रविवार रात को महंत मंदिर में सो रहे थे। उसी समय महंत की रात को स्वाभाविक मौत हो गई। इसकी जानकारी सुबह को ग्रामीणों को हुई। इसे लेकर गांव के लोग महंत की अंत्येष्टि करने के लिए मंदिर समीप पडी जमीन में करने लगे। उसी समय गांव के कृपाशंकर आदि लोगों ने उस जमीन पर अंत्येष्टि करने का विरोध किया।
इसे लेकर गांव के लोग भड़क गए और वे हंगामा करने लगे। काफी देर तक हुए हंगामे की जानकारी पाकर सीओ अलीगंज अजय भदौरिया, तहसीलदार और अलीगंज एवं नया गांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाते हुए महंत की मंदिर के पास अंत्येष्टि कराकर मामले को शांत कराया।