अमांपुर ब्लॉक प्रमुख पर अनियमितताओं के आरोप पर लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर शनिवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने मतदान किया। कुल 73 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में से 70 ने वोट डाले। 3 क्षेत्र पंचायत सदस्य अनुपस्थित रहे। यह मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन चल रहा है। जिस पर 1 मई को सुनवाई होगी। सुप्रीम कोर्ट का फैसला आ जाने के बाद प्रशासन ने मतगणना 2 मई को कराने का निर्णय लिया है।
अमांपुर के ब्लॉक प्रमुख शैलेश यादव के खिलाफ क्षेत्र पंचायत सदस्य विकास कार्यों में लापरवाही बरतने, अनियमितता करने सहित आरोप लगाते हुए अविश्वास प्रस्ताव लाए। डीएम आरपी सिंह ने इस मामले में अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने की तिथि निर्धारित की। निर्धारित तिथि पर शनिवार को मतदान हुआ। पूर्व ब्लॉक प्रमुख अमरवती एवं डा. योगेंद्र सिंह प्रतिहार अविश्वास प्रस्ताव लाए। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपना मताधिकार का प्रयोग किया। केवल 3 सदस्य गैर हाजिर रहे। मतदान के दौरान ब्लॉक केंद्र पर काफी गहमा गहमी रही। मतदान की प्रक्रिया पीठासीन अधिकारी संजय शर्मा ने पूरी कराई। सहावर के एसडीएम जैनेंद्र सिंह, तहसीलदार, मनोज प्रकाश एवं थाना पुलिस मतदान के दौरान मौजूद रही। ब्लॉक अधिकारी मुनब्बर सिंह ने बताया कि अविश्वास प्रस्ताव के संबंध में एक याचिका सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। इस याचिका पर 1 मई को निर्णय आना है। ऐसी स्थिति को देखते हुए 2 मई को मतगणना कराई जाएगी।