मथुरा। अब कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों की मॉनिटरिंग निजी क्षेत्र के लोग करेंगे। पांच सदस्यीय गैर सरकारी समिति का गठन डीएम करेंगे। ये कमेटी इन विद्यालयों में समय-समय पर निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों की हालत किसी से छिपी नहीं है। आए दिन इन विद्यालयों के निरीक्षण में खामियां पकड़ी जाती हैं मसलन कभी विद्यालयों में छात्राओं से लगवाने की बात सामने आती है तो कहीं विद्यालयों के टूटे फर्श, पेयजल संकट, खराब गुणवत्ता की खाद्य सामग्री वितरण का मामला सामने आता है।
ऐसे में अब सरकार ने इन विद्यालयों की मॉनिटरिंग के लिए निजी क्षेत्र के लोगों की पांच सदस्यीय कमेटी गठित करने के आदेश जिला अधिकारी को दिए है। इस कमेटी में अधिक से अधिक महिलाओं को रखने की बात कही गई है। कमेटी की अध्यक्ष आकांक्षा समिति की अध्यक्ष होंगी।
वहीं प्राइवेट कन्या जूनियर हाईस्कूल की प्रधानाचार्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य कर रही स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि इसके सदस्य होंगे।