जलेसर। एक बार फिर कस्बे की फिजां बिगाडने की कोशिश की गई। शरारती तत्वों ने शनिवार रात शनि देव की प्रतिमा तोड़ दी। घटना की जानकारी पर लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंचे विधायक और अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
कस्बे के मोहल्ला जोशियान स्थित दुर्गा मां का मंदिर है। मंदिर परिसर में शनिदेव की प्रतिमा भी स्थापित है। शनिवार देर रात अराजक तत्वों ने शनिदेव की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। रविवार सुबह अनुयायी मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए पहुंचे तो शनिदेव की मूर्ति क्षतिग्रस्त पाकर लोगों में आक्रोश पनप गया। देखते ही देखते सैकड़ों लोग जमा हो गए और हंगामा करने लगे। हंगामे की जानकारी पर पुलिस और एसडीएम विजय कुमार भी मौके पर पहुंच गए। एसडीएम ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी।
इधर, सूचना पर विधायक संजीव दिवाकर और पालिकाध्यक्ष विकास मित्तल भी मौके पर पहुंच गए। विधायक और पालिकाध्यक्ष ने किसी तरह आक्रोशित लोगों को मूर्ति स्थापना और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को शांत काया। इसके साथ ही पालिकाध्यक्ष ने मंदिर परिसर के चारों ओर से जाल की दीवार लगाने की बात भी कही। इसके बाद लोग शांत हुए। बता दें कि इससे पहले भी कस्बे में आंबेडकर की मूर्ति खंडित कर सांप्रदायिक माहौल खराब करने की कोशिश की जा चुकी है।