कापियां लिखवाने के मामले में दो विद्यालयों पर गाज गिर गई है। डीआईओएस ने एसपीएल इंटर कॉलेज दौलतपुर और मां गायत्री इंटर कालेज चपरई को काली सूची में डालते हुए डिबार करने की संस्तुति कर दी है।
मां गायत्री इंटर कालेज में रंगे हाथों पकड़े गए नौ सॉल्वर सहित 12 लोगों के विरुद्ध हुई प्राथमिकी के बाद जहां दस की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं शेष दो की तलाश में दबिश दी जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक एसपी यादव ने बताया कि पूरे घटनाक्रम में दोनों विद्यालयों की मिलीभगत के चलते दोनों को काली सूची में डालते हुए इन्हें आगामी वर्षों के लिए डिबार करने की संस्तुति की है। इसके बाद यह विद्यालय आगामी वर्षों में भी परीक्षा केंद्र नहीं बन सकेंगे।
यादव के अनुसार जिन पांच परीक्षार्थियों की कापियां लिखी जा रही थीं उन्हें अनुचित साधन में दोषी मानते हुए कार्रवाई एवं इनके अन्य विषयों की समस्त उत्तर पुस्तिकाओं की स्क्रीनिंग के निर्देश दिए हैं।