कासगंज। अमांपुर के ग्राम करसाना में बाइक सवार पिता-पुत्र को ट्रोला ने टक्कर मार दी। हादसे में पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पिता घायल हो गया। बेटे की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस ने ट्रोला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
अलीगढ़ के दादों निवासी ओमपाल अपने पुत्र रोहित (7) के साथ बाइक पर सवार होकर अमांपुर के गांव जारई में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। करसाना के निकट ट्रोला ने बाइक को अपनी चपेट में लिया, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान रोहित के ऊपर से ट्रोला गुजर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रोला छोड़कर मौके से भाग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रोला को कब्जे में लेकर मृतक बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर बालक के अन्य परिवारीजन भी पहुंच गए। बालक का शव देखकर परिवारीजनों में चीत्कार मच गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।