कासगंज। गंजडुंडवारा के गनेशपुर नहर के निकट ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आकर बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को जिला अस्पताल से अलीगढ़ रेफर किया गया है। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पटियाली के विजौरा स्वर्गद्वारी निवासी उदयवीर (28) पुत्र ओमप्रकाश, विनोद (35) पुत्र किशनलाल, ओमप्रकाश (40) पुत्र झम्मन सोमवार रात बाइक पर मोतीनगर सिढ़पुरा से गंजडुवारा शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। गनेशपुर नहर के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां से तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
यहां उदयवीर और ओमप्रकाश की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं विनोद को गंभीर हालत मेें अलीगढ़ रेफर कर दिया। सूचना पर तीनों के परिवारीजन अस्पताल आ गए। उदयवीर और ओमप्रकाश के शव देखकर कोहराम मच गया। समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज की कार्रवाई नहीं हो सकी है।
सात बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
कासगंज। हादसे में दो लोगों की मौत के बाद सात बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। उदयवीर के दो मासूम बालिकाएं सलोनी (2) और शशि (3) है। उसकी पत्नी नीनेश का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं ओमप्रकाश की तीन लड़की व दो लड़के हैं। अब दोनों की पत्नियों पर बच्चों की परवरिश की चुनौती है।