गोवर्धन (मथुरा)। डीग मार्ग पर ट्रांसपोर्ट व्यापारी के साथ पुलिस द्वारा की गई मारपीट पर व्यापारियों ने थाने पहुंच कर जम कर हंगामा किया। व्यापारियों के आक्रोश को देखते हुए सीओ जगवीर सिंह चौहान समूचे मामले की स्वयं जांच कर रहे हैं। थाना प्रभारी संसार सिंह राठी ने बताया कि दरोगा को कस्बा के चार्ज से हटा दिया गया है। आरोपी दरोगा का कहना है कि व्यापारी पुलिस कर्मियों से उलझ रहा था।
बताए अनुसार सोमवार देर रात व्यापारी शुभम खंडेलवाल की ट्रांसपोर्ट की गाड़ी सामान लेकर डीग से गोवर्धन आ रही थी। गांठौली के निकट पुलिस ने गाड़ी की चेकिंग की तो चालक और पुलिस के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद घटनास्थल पर पहुंचे व्यापारी शुभम खंडेलवाल की पुलिस से कहासुनी हो गई। व्यापारी का आरोप है कि बिना वजह कस्बा इंचार्ज एसआई नीतू सिंह ने 50 हजार रुपये गाड़ी निकालने की एवज में मांग करते हुए पिटाई कर दी। उसको डंडा से पीटा गया और जीप में डाल कर थाने ले आए।
उसने किसी तरह अन्य व्यापारियों को सूचना दी।
पुलिस की पिटाई के विरोध में व्यापारी नेता और अन्य जनप्रतिनिधि पहुंच गए। व्यापारियों ने दरोगा नीतू सिंह पर मुकदमा दर्ज कर निलंबित करने की मांग की है। एसआई नीतू सिंह ने बताया कि व्यापारी गलत आरोप लगा रहे हैं। पुलिस वाहनों की तलाशी ले रही थी और गाड़ी चालक व व्यापारी पुलिसकर्मियों से गलत पेश आया। व्यापारी को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।