मथुरा। स्वाट टीम से हुई मुठभेड़ में सोमवार की रात पकड़ा गया 20 हजार का इनामी बदमाश जुम्मन अपने करीमा गैंग का शातिर बदमाश है। करीमा गैंग दिन में चूड़ी बेचकर किसी एक मकान को चिंह्ति (टारगेट) करता है। इसके बाद रात को उसी मकान में डकैती डालता है।
महावन के किशनपुर में मई 2016 में करीमा गैंग के 18 सदस्यों ने किसान केे घर में डाका डालकर 12 पशुओं को लूट लिया था और शोर मचाने पर किसान के बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी थी। थाना महावन के किशनपुर निवासी करुआ पुत्र रेवती के घर पांच मई 2016 को करीमा गैंग ने डकैती डाली थी। करीमा गैंग के 18 बदमाश करुआ के 13 साल के बेटे छोटू की हत्या करके 12 पशुओं को ले गए थे। हालांकि पुलिस ने डकैती में शामिल रहे 16 बदमाशों को पकड़कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया था।
इस गैंग का 20 हजार का इनामी मैनपुरी के घिरौर निवासी जुम्मन उर्फ जुम्मा को सोमवार की देर सायं स्वाट टीम प्रभारी हरवेंद्र मिश्रा और थाना बलदेव प्रभारी सूरज प्रकाश शर्मा ने मुठभेड़ में पकड़ा है। एसपी देहात आदित्य शुक्ला ने बताया कि करीमा गैंग सुबह चूड़ी बेचते वक्त टारगेट को चिंह्ति करके रात में वारदात करते हैं। पुलिस और स्वाट टीम इनामियां जुम्मन के भाई देशू की तलाश में जुटी है। जुम्मन से एक बाइक और हथियार बरामद किए गए हैं।