वृंदावन (मथुरा)। योजना के तहत वृंदावन परिक्रमा मार्ग में हो रहे विकास कार्याें का रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण किया। ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र एवं डीएम सर्वज्ञ राम मिश्रा के निर्देशन में मथुरा-वृंदावन विकास प्रधिकरण, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, विद्युत विभाग, जल निगम एवं पर्यटन विभाग के रविवार को रमणरेती पुलिस चौकी पहुंचे। यहां से ह्रदय योजना के अंतर्गत द ब्रज फाउंडेशन के निर्देशन में कराए जा रहे वृंदावन परिक्रमा मार्ग के सुंदरीकरण कार्य को देखा। साथ ही परिक्रमा मार्ग में उज्जवल ब्रज संस्था द्वारा कराए जा रहे सफाई कार्यों का भी निरीक्षण किया।
इसके बाद अधिकारी प्राचीन जुगल घाट पहुंचे। जहां तीर्थ पुरोहित पंडा समाज द्वारा पूर्व में किए गए खुदाई कार्य के दौरान निकलकर आए प्राचीन विहार घाट को भी देखा और उसे संरक्षित करने की कार्य योजना पर चर्चा की। इसके बाद प्राचीन केशीघाट पर पहुंचे अधिकारियों ने ह्रदय योजना के अंतर्गत वृंदावन के पंचकोसीय परिक्रमा मार्ग को सुंदरी व जाम रहित बनाए जाने को लेकर रणनीति बनाई।
इस अवसर पर ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ नागेंद्र प्रताप, एमवीडीए के उपाध्यक्ष यशु रस्तोगी, मथुरा वृंदावन नगर निगम आयुक्त डा. उज्जवल कुमार, विद्युत विभग एक्सईएन कुलदीप कुलश्रेष्ठ, उज्जवल ब्रज के सचिव अनंत कुमार शर्मा, द ब्रज फाउंडेशन के अध्यक्ष विनीत नारायण आदि उपस्थित थे। उधर, मथुरा नगर निगम आयुक्त डा. उज्जवल कुमार ने बताया कि परिक्रमा मार्ग में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ह्रदय योजना के अंतर्गत होने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।