कासगंज। वर्तमान में प्रत्येक घर-परिवार में दिन-प्रतिदिन समस्याएं बढ़ती ही जा रहीं हैं। हरेक व्यक्ति किसी न किसी समस्या में घिरा हुआ है। ऐसी हरेक की हालत है। ऐसे में मानसिक दृढ़ता का होना बहुत ही आवश्यक है। कठिन से कठिन परिस्थितियों को राजयोग का अभ्यास आसान कर देता है। चाहे युद्ध जैसी स्थिति हो धैर्यता और सकारात्मकता के हथियार से विजय सुनिश्चित आपकी ही होगी। यह बातें शुक्रवार को माउंट आबू से आए सुप्रसिद्ध वक्ता ब्रह्मा कुमार राजयोगी सूरज भाई ने पंखा वाला बाग स्थित मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में कहीं।
उन्होंने कहा कि राजयोग के अभ्यास से हमारे जीवन में सद्गुणों का प्रादुर्भाव होता है। भय एवं तनाव दूर रहते हैं इससे निर्णय शक्ति बढ़ती है। इससे पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी श्रीनिवास मिश्र, बहन सरोज, गीता बहन व रूपेश भाई ने दीप प्रज्जवलित करके किया। कार्यक्रम में आयोजित टॉक शो में माउंट आबू से पधारे रूपेश भाई ने अनेक प्रश्नों के माध्यम से समस्याओं को उठाया जिनका सूरज भाई ने प्रभावशाली ढंग से समाधान बताया।
ब्रह्मा कुमारी गीता बहन ने वर्तमान परिदृश्य में जीवन जीने की कला पर विचार व्यक्त किए। मनुष्य का चिंतन सकारात्मक हो तो बीमारियां भी दूर भाग जाती हैं। ब्रह्मा कुमारी संस्थान के पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सब-जोन इंचार्ज सरोज बहन ने बताया कि राजयोग के अभ्यास से आत्मा में व्याप्त दु:ख और अशांति के मूल कारण काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार आदि दूर होते हैं तथा मनुष्य के कर्मों में दिव्यता एवं कुशलता आती है। मुख्य विकास अधिकारी श्रीनिवास मिश्र ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कहा कि सकारात्मकता को बनाएं जीवन का आधार। बीएस डायनामिक एकेडमी के संरक्षक रुकमपाल सिंह ने प्रतीक चिन्ह भेंट करके सूरज भाई को सम्मानित किया। डा. अनिल सेठ, डा. जॉन डिसूजा, राजीव माहेश्वरी, डा. सुभाष चंद्र दीक्षित, आरके पाठक, संदीप माहेश्वरी, विकास आनंद, कोमल सेठ, अनुराधा पुंढीर, विपिन, परविंदर, निखिल शर्मा, प्रवीण सक्सेना, राज कुमार पांडेय, अनुपम बिड़ला, नत्थू सिंह वर्मा, प्रदीप पुंढीर, गोपाल पांडेय, राजीव राठौर, किरन मेहरा, रजनी अग्रवाल, राज पुंढीर, संध्या, नीलम अग्रवाल, सौम्या पांडे, अवनी मेहरा, मधुर पुंढीर, सत्यनारायण, राम प्रकाश चौहान, वीरेंद्र किशोर रहे।