आरसी इंटर कालेज के कार्यक्रम में शपथ लेते छात्र व छात्राएं
मैनपुरी। डा. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान निकाय चुनाव वाले क्षेत्रों में जाकर छात्र-छात्राओं ने अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्या डा. पुष्पा कश्यप के निर्देशन में स्वीप प्रभारी विकास चंद्र के सहयोग से महाविद्यालय में राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन हुआ। उनके नेतृत्व में महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं निकाय चुनाव वाले क्षेत्रों में पहुंचे और लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करते हुए मतदान के अधिकार पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि आप अपना मत दान कर अपनी ताकत का लोगों को अहसास करा सकते हैं। मतदाताओं को जानकारी दी गई कि वे अपने मत का प्रयोग अवश्य करें। उनके मत से ही उनके समाज के विकास का रास्ता खुलेगा। मतदाताओं को यह भी बताया गया कि मतदान उनका जन्मसिद्ध अधिकार है। इसका प्रयोग अवश्य करें।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं से सुनियोजित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता प्रपत्र पर हस्ताक्षर भी कराए गए। कार्यक्रम के दौरान डा. रामबाबू, डा. एसपी सिंह, डा. दिग्विजय नरायन, जितेंद्र पाठक, शिवनंदन आदि ने छात्र-छात्राओं को सहभागिता के लिए प्रेरित किया।