मैनपुरी। नगर के एसबीआरएल एकेडमी के खेल मैदान पर आयोजित टीकाराम स्मृति जनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेता कप पर नगला जुला क्रिकेट क्लब ने कब्जा कर लिया। फाइनल मुकाबले में नगला जुला ने विक्रम क्लब को दो विकेट से पराजित किया। वहीं, मैन आफ द सीरीज का पुरस्कार विक्रम क्लब के सिद्धार्थ को दिया गया।
सोमवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में विक्रम क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 30 ओवर के मुकाबले में 26 ओवर में सभी विकेट खोकर 108 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम की तरफ से सिद्धार्थ चौहान ने सर्वाधिक 45, शिवम शुक्ला ने 10 और सौर्य ने 12 रनों का योगदान दिया। नगला जुला क्लब की तरफ से गेंदबाज सागर ने चार, देव ने तीन और विक्रम ने दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नगला जुला की टीम ने आठ विकेट के नुकसान पर जीत हासिल कर विजेता कप पर कब्जा कर लिया।
टीम की तरफ से मुन्ना ने शानदार नाबाद 45 रन बनाए, निखिल ने 16 रनों का योगदान दिया। विक्रम क्लब के गेंदबाज सिद्धार्थ चौहान ने चार और अभिषेक यादव ने तीन विकेट हासिल किए। चंद्रभान शुक्ला और प्रबल प्रताप सिंह ने अंपायर की भूमिका अदा की।
समापन अवसर पर पूर्व विधायक अशोक सिंह चौहान ने विजेता टीम के कप्तान को विजेता कप तथा उपविजेता टीम के कप्तान को उपविजेता कप प्रदान किया। इसके अतिरिक्त अन्य खिलाड़ियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
मैन आफ द सीरीज का पुरस्कार विक्रम क्लब के सिद्धार्थ को दिया गया। जबकि मैन आफ द मैच का पुरस्कार नगला जुला क्लब के मुन्ना ने हासिल किया। समापन अवसर पर मैनपुरी क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश मिश्रा, सचिव बीडी शुक्ला, प्रवीन भंसाली, देवेश चतुर्वेदी, आलोक गुप्ता, असलमखान, अतुल सक्सैना आदि लोग मौजूद रहे।