सोरों (कासगंज)। कस्बे के कटरामठ मोहल्ला में विद्युत बकाया की वसूली करने गई विद्युत कर्मियों की टीम को महिला के साथ अभद्रता करने के आरोप में दौड़ा दौड़ा कर पीटा गया। मामले में लाइनमैन ने मारपीट करने के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं दूसरे पक्ष से महिला ने भी लाइनमैन के खिलाफ तहरीर दी है।
अवर अभियंता शेलेंद्र सारस्वत के निर्देश पर विद्युत कर्मी राकेश कुमार, अवधेश, प्रदीप औश्र लाखन सिंह की टीम मोहल्ले में विद्युत बिल का बकाये की वसूली के लिए गई थी। इस दौरान मोहल्ले की एक महिला ने विद्युत कर्मियों पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए शोर मचा दिया। इस पर लोग एकत्रित हो गए और कर्मियों से मारपीट कर दी।
इस दौरान विद्युत कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इस दौरान लोगों ने लाइनमैन राकेश को पकड़ लिया और मारपीट कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मामले में लाइनमैन राकेश ने मोहल्ला निवासी पप्पू, राजू, जयपाल एवं धर्मेंद्र के खिलाफ मारपीट करने एवं सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी हैं। वहीं महिला ने लाइनमैन राकेश के खिलाफ छेड़छाड़ करने एवं अभद्रता करने की तहरीर दी है।