अस्पताल में लगी मरीजों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी। नगर में डेंगू के मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग परेशान है। विभाग द्वारा संबंधित मोहल्लों में टीम भेजकर जांच कराई गई। हालांकि विभाग अपनी जांच से इस बात को मानने को तैयार नहीं है कि मरीज डेंगू से पीड़ित हैं। वहीं, दूसरी तरफ मोलोग दहशत में हैं।
नगर के मोहल्ला अवधनगर, आवास विकास और बैंक कालोनी में डेंगू के मरीज मिलने से विभाग में हड़कंप है। गुरुवार को सीएमओ के निर्देश पर इन मोहल्लों में टीम भेजकर मरीजों की जांच कराई गई।
जिला मलेरिया अधिकारी के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम मोहल्ला अवधनगर, बैंक कालोनी और आवास विकास पहुंची। यहां टीम के सदस्यों को लोगों के आक्रोश का भी शिकार होना पड़ा। टीम के पास केवल मलेरिया जांच की ही व्यवस्था थी। टीम ने लोगों को समझाया कि डेंगू जांच ब्लड बैंक में ही संभव है। इसके लिए वे लोग जिला अस्पताल में पहुंचें।
उनकी नि:शुल्क जांच कराई जाएगी। इसके बाद लोग शांत हुए। सीएमओ डॉ. अरविंद कुमार गुप्ता ने जनपद के लोगों से अपील की है कि वे डेंगू को लेकर भ्रमित न हों। जिला अस्पताल में डेंगू की जांच की सारी व्यवस्था है।
मैनपुरी। जिला मलेरिया अधिकारी एसएन सिंह का कहना है कि जनपद में डेंगू के मरीज नहीं हैं। एनएस-1 पर भी डेंगू जैसे लक्षण दिखते हैं, लेकिन वो डेंगू नहीं है। लोग घबराए नहीं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा रोगों पर रोकथाम के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
जनपद में बुखार के मरीजों की संख्या कम नहीं हो रही है। गुरुवार को जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। अस्पताल में दोपहर 2 बजे तक बुखार, डायरिया, पेटदर्द व सर्दी जुकाम से पीड़ित 366 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया जबकि 23 मरीजों को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।