मैनपुरी। सड़कों पर भीख मांगने वाले बालक को आखिरकार सोमवार को स्कूल में प्रवेश मिल गया। विद्यालय में प्रवेश के बाद पहले दिन शाहिद खूब खुश नजर आया। वहीं सोमवार को बाल कल्याण समिति की सदस्य ने विद्यालय में उसकी जानकारी ली।
शहर की सड़कों पर पिता के साथ भीख मांगने वाले मासूम शाहिद ने शायद ही कभी सोचा होगा कि वह कभी स्कूल भी जा सकेगा। मगर कुछ दिनों पहले अचानक उसके साथ कुछ ऐसा घटित हुआ जिसने उसकी जिंदगी बदल दी। एक शिकायत पर बाल कल्याण समिति ने रेलवे स्टेशन जाकर बच्चे के पिता से बातचीत की।
बात करने पर पिता सरदार अली ने अपनी मजबूरी बताई, तो समिति की सदस्य आराधना गुप्ता ने उन्हें पेंशन व आवास दिलाने का आश्वासन दिया। साथ ही एक शर्त रखी कि शाहिद अब भीख नहीं मांगेगा बल्कि पढ़ने के लिए स्कूल जाएगा। इसके बाद सोमवार को गांव पुड़री स्थित प्राथमिक विद्यालय में उसका प्रवेश कराया गया। पहले दिन बच्चों के साथ शाहिद बेहद खुश नजर आ रहा था।
जिसके बाद समिति सदस्य विद्यालय पहुंची और प्रधानाचार्य व स्टाफ से जानकारी ली और बच्चे पर विशेष ध्यान देने की बात कही। वहीं शाहिद का कहना है कि वह रोज स्कूल जाएगा और मन लगाकर पढे़गा।