मथुरा। ट्रेनों में होने वाले अपराध और अवैध रूप से सामान की ढुलाई रोकने के लिए एनसीआर-यूपी पुलिस मिलकर काम करेगी। चलती ट्रेन में पलवल में हुई हत्या जैसे मामलों को रोका जाएगा। इसके लिए गाजियाबाद में हुई समन्वय बैठक में आरपीएफ, जीआरपी व यूपी पुलिस ने कई फैसले लिए। गाजियाबाद स्थित 41 पीएसी बटालियन परिसर में एडीजी रेलवे बीके मौर्या, आईजी रेलवे बीआर मीणा, एसपी रेलवे आगरा नितिन तिवारी, एसएसपी गाजियाबाद, एसपी मुरादाबाद व दिल्ली के पुलिस, जीआरपी, आरपीएफ के अफसरों की समन्वय बैठक हुई। इसमें रेलवे में होने वाले अपराध, अवध रूप से सामान ढुलाई रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई को लेकर फैसले लिए गए। भाग लेकर लौटे जीआरपी प्रभारी गौरव सक्सेना ने बताया कि पलवल में दो माह पूर्व हुई हत्या जैसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने, ट्रेन से पेशी को लाए जाने वाले अपराधियों के भागने को लेकर सक्रियता बरतने, जेबकटी, चेन तोड़ने वालों व उठाईगीरी करने वालों पर अंकुश लगाने को समन्वय स्थापित करने को लेकर फैसले लिए। साथ ही दिवाली पर अवैध रूप से सामान ढुलाई रोकने, ज्वलनशील व आतिशबाजी की वस्तुएं न ले जाने आदि को लेकर चर्चा की। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि इसी के अनुपालन में भूतेश्वर व कोसीकलां स्टेशनों पर ड्यूटी गश्त बढ़ा दी गई है।