फिरोजाबाद/नारखी/जसराना। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई दुर्घटनाओं में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। दूसरे की शिनाख्त नहीं हो सकी।
जनपद मैनपुरी थाना औछा के गांव रुरिया निवासी जगमोहन यादव स्थानीय जसराना सीएचसी पर प्रतिरक्षण अधिकारी के पद पर तैनात हैं। सोमवार को वह पत्नी आशा देवी (35) को बाइक पर बैठाकर नगला नथुआ स्थित अपनी बहन के घर पर जा रहे थे। उनकी बाइक नगला गंगे के पास फिसल गई। बाइक से गिरने के कारण आशा देवी के सिर में चोट आई। इसके कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
थाना नारखी क्षेत्र के अंतर्गत कोटला रोड गौंछ में नलकूप संख्या चार के पास टेंपो और आयशर ट्रैक्टर के बीच भिड़ंत हो गई। इसमें अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। थानाध्यक्ष नारखी ने कहा कि टेंपो और ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है।