एटा। डीपीआरओ धनंजय जायसवाल के खिलाफ मुख्य सचिव से शिकायत के बाद जांच को पहुंचे अपर निदेशक के सामने शुक्रवार को सफाई कर्मियों ने जमकर हंगामा किया। सफाई कर्मियों ने डीपीआरओ पर वसूली करने और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए स्थानांतरण की मांग की। साथ ही मांगें पूरी न होने पर हड़ताल की चेतावनी भी दी।
डीपीआरओ धनंजय जायसवाल के खिलाफ अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने मुख्य सचिव से शिकायत की थी। इसके बाद मुख्य सचिव ने जांच पंचायतीराज निदेशक विजय किरन आनंद को जांच के निर्देश दिए। जिसके बाद शुक्रवार को अपर निदेशक पंचायतीराज एसके पटेल एटा पहुंचे। इस दौरान विकास भवन मेें उन्होंने सफाई कर्मियों से बात की। तभी सफाई कर्मियों ने अपर निदेशक के सामने प्रदर्शन करते हुए डीपीआरओ को हटाए जाने की मांग की। उनका कहना था कि उनसे अभद्रता की जाती है। साथ ही बिना किसी कारण उनको नोटिस देकर निलंबित किया जा रहा है। वहीं सफाई कर्मी अपर निदेशक की जांच से संतुष्ट नजर नहीं आए। सफाई कर्मियों ने बताया कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो जिले के 886 सफाई कर्मी तीन अक्तूबर से अनिश्चितकालीन समय के लिए हड़ताल करेंगे। इस दौरान सफाईकर्मियों ने विकास भवन पर जमकर हंगामा किया।
दरअसल, विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने मुख्य सचिव से शिकायत की थी कि एडीओ पंचायत जायसवाल को सपा ने डीपीआरओ बनाकर वित्तीय अधिकार दे दिए हैं। डीपीआरओ सफाई कर्मियों ने हर महीने दो-दो हजार रुपये की वसूली करते हैं। साथ ही एरियर निकाले जाने के नाम पर सफाई कर्मियों को लूटा जाता है। उन्होंने यह भी जिक्र किया कि डीपीआरओ भ्रष्टाचारी है और इसको जिले से जल्द ही स्थानांतरित किया जाए। जिसके बाद अपर निदेशक जांच के लिए आए थे।
--------------
महिला से अभद्रता का लगा आरोप
सफाई कर्मियों ने अपर निदेशक के सामने डीपीआरओ पर महिला कर्मचारी से अभद्रता करने का आरोप लगाया। इस पर अपर निदेशक ने महिला को बुलाकर लाने के लिए कहा, लेकिन दो घंटे बाद भी महिला पेश नहीं हुई। इस पर अपर निदेशक ने आरोप लगाने वाले सफाई कर्मी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
-------------
बोले अपर निदेशक
विधायक की शिकायत पर निदेशक के निर्देश के बाद जांच की है। एरियर निकालने पर शासन से रोक लगी है। सफाई कर्मियों से बात की गई, तो कोई भी यह साक्ष्य नहीं दे सका कि एरियर के नाम पर वसूली की गई है। सफाई कर्मियों ने आरोप लगाए हैं। अभी जांच प्रक्रिया में है, जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
एसके पटेल, अपर निदेशक, पंचायती राज
-----------
इनका कहना है
सारे आरोप निराधार हैं। सफाई कर्मियोें ने कोई भी साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया है। पंचायत राज विभाग में सारे काम पारदर्शिता से हो रहे हैं।
धनंजय जायसवाल, डीपीआरओ