मैनपुरी। बिजली उपभोक्ता अपने बिलों का भुगतान निर्धारित काउंटरों पर ही करें। आनलाइन भुगतान भी किया जा सकता है। उपभोक्ता बिचौलियों से बचें। उक्त बातें अधीक्षण अभियंता उमेशचंद्र वर्मा ने कही हैं।
पावर हाउस स्थित कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कहा कि ठगी की शिकार खरगजीत नगर निवासी रामबेटी की शिकायत पर जांच कराई गई है। इसमें पता चला उसको बिल जमा करने के नाम पर दी गई रसीद फर्जी है। पीड़िता को पता तब चला जब उसके पास दूसरे महीने का बिल पहुंचा और उसमें पिछले महीने का बिल शामिल किया गया था।
विज्ञापन
उसने जब कार्यालय पहुंचकर जानकारी तो जांच में पता चला के महिला को बिल जमा करने के नाम पर दी गई रसीद फर्जी है। पीड़ित महिला ने अधीक्षण अभियंता सहित अधिशासी अभिंयता शहरी क्षेत्र एससी शर्मा से शिकायत की। महिला ने अधिकारियों को उस व्यक्ति का नाम भी बताया है, जिसको उसने बिल जमा कराने के लिए 24 अगस्त 2017 को 3787 रुपये दिए थे। उसी व्यक्ति ने उसको फर्जी रसीद दी है।
अधिकारियों ने उसके संबंध में अपने स्तर से जानकारी करने के साथ ही पुलिस को भी सूचना दी है। महिला को दी गयी रसीद कहां तैयार की गयी है इस संबंध में जानकारी जुटायी जा रही है। अधिशासी अभियंता शहरी क्षेत्र ने उपभोक्ताओं से कहा है विभाग के निर्धारित काउंटरों पर ही बिल जमा करके परेशानी से बचा जा सकता है। शहरी क्षेत्र में विभाग के नौ निर्धारित काउंटर काम कर रहे है।