मैनपुरी। गुरुवार देरशाम सोशल मीडिया पर कुरावली में एक महिला की चोटी कटने और उसकी हत्या करने का मैसेज वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया आनन-फानन में मैसेज पोस्ट करने वाले की तलाश शुरू कर दी गई वही इस संबंध में एएसपी का कहना है कि जिले में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है की आगरा मथुरा और फिरोजाबाद में पिछले कई दिनों से महिलाओं की चोटी कटने की घटनाएं हो रही हैं इससे उक्त जिलों में दहशत का माहौल है। इसी क्रम में मैनपुरी में भी गुरुवार देर शाम विभिन्न व्हाट्सअप ग्रुप पर एक मैसेज वायरल हुआ इसमें लिखा था किरावली निवासी एक महिला की अचानक चोटी कट गई इसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के मैसेज वायरल होते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने उक्त महिला के बारे में जानकारी करना शुरू कर दिया, बाद में पता चला की उक्त मैसेज गलत है इसके बाद अधिकारियों ने उक्त मैसेज डालने वाले व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी।
एएसपी ओपी सिंह का कहना है कि जिले में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाकर जिले का माहौल बिगाड़ता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।