एटा। बीमारी का बहना बनाकर एसएसपी के सामने पेश होकर आए दिन छुट्टी देने और जिले के करीब वाले थानों में मनमानी ढंग से पोस्टिंग लेने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होगी। शासन ने ऐसे पुलिस कर्मियों की सूची और फिटनेस प्रमाणपत्र मांगते हुए विभाग को कमजोर करने का आरोप लगाया है। शासन के फरमान से विभाग के कांस्टेबल, एसआई, एसएसआई में हड़कंप मच गया है।
ड्यूटी के दौरान दुर्घटना, मुठभेड़ में घायल होने, अंग-भंग, गंभीर बीमारी का बहाना बना कर आए दिन पुलिस कर्मी शारीरिक रुप से अनफिट बता कर छुट्टियां लेकर मनमानी कर रहे हैं। यही नहीं पुलिस कर्मी बहाना बनाकर जिला मुख्यालय के समीप मनचाहे थाने में पोस्टिंग भी करा लेते हैं। शासन ने ऐसे अनफिट और बीमार पुलिसकर्मिया की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने आरआई और एसओ को ऐसे पुलिसकर्मियों की सूची तलब की है।
सूची के साथ इन पुलिसकर्मियों का फिटनेस प्रमाणपत्र भी मांगा है। एसएसपी अखिलेश कुमार चौरसिया ने कहा कि सभी थाना अध्यक्षों और आरआई से सूची मंगाकर शासन को भेजी जाएगी। जानकारों की माने तो यदि पुलिस मुख्यालय ने प्रकरण पर मेडिकल बोर्ड गठित किया तो कई पुलिसकर्मियों पर गाज गिर सकती है और उनका भविष्य भी बोर्ड के प्रमाणपत्र पर निर्भर करेगा। फिलहाल शासन के आदेश से पुलिस कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिसकर्मी बाबुओं और अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं।