एटा। रोडवेज बस की टक्कर से शनिवार देर रात स्कोर्पियो चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद अनियंत्रित बस नहर पुल पर लटक गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीखपुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस को पीछे खींच कर यात्रियों को निकाला। इधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना जैथरा क्षेत्र के गांव उदयपुरा निवासी कौशल किशोर (26) पुत्र श्रीपाल शनिवार देर रात अपनी स्कोर्पियो कार से घर लौट रहा था। गांव गोला कुआं नहर पुल पर सामने से आ रही लोनी डिपो की रोडवेज बस ने स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी। हादसे में स्कोर्पियो के चालक कौशल किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद रोडवेज बस अनियंत्रित होेकर नहर पुल पर लटक गई।
जानकारी पर बागवाला पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने लटकती बस को पीछे करवा यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलवाया। इधर, पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक कौशल किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की हादसे में अचानक मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया है।