शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। नगर में बिजली चोरी रोकने के लिए अधिशाषी अभियंता सूर्यप्रताप शाही के निर्देशन में शनिवार सुबह एसडीओ शशिकांत सिंह के नेतृत्व में बिजली विभाग की टीम ने नगर के कई मोहल्लों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 20 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा।
नगर में बिजली चोरी को रोकने के लिए अभियंता सूर्य प्रताप शाही के नेतृत्व में शनिवार को नगर के कई मोहल्लों में चेकिंग अभियान चलाया गया। बिजली चेकिंग की जानकारी होते ही बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया। लोगों ने केबिनके उतारना शुरू कर दीं। जिन मोहल्लों में चेकिंग हुई उनमें नगला किला, रहचटी, नई बस्ती, मीर खलील, मुस्तफाबाद रोड प्रमुख हैं।
चेकिंग के दौरान 20 उपभोक्ता कटिया डाल कर चोरी करते पाए गए लोगों के खिलाफ एफआईआर कराई गई। वहीं 60 बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए। 10 उपभोक्ताओं के कनेक्शन का भार बढ़ाया गया। इस दौरान वकाया वसूली सात लाख रुपये की हुई।
एसडीओ शशीकांत सिंह ने बताया यह अभियान प्रतिदिन चलेगा। उन्होंने बिजली चोरी करने वालों तथा बकायेदारों से बिल जमा करने के लिए कहा है। अन्यथा चेकिंग के दौरान बकाएदारों की कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
गढ़ूमा और नगला कांस में बीती रात दो ट्रांसफार्मर से अज्ञात चोरों ने तेल और अन्य सामान चोरी कर लिया। सुबह जब ग्रामीणों को जानकारी हुई तो भीड़ एकत्रित हो गई। ट्रांसफार्मर से सामान चोरी होने से क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। इस संबंध में एसडीओ शशिकांत सिंह ने बताया ग्रामीण क्षेत्र से तीन से चार ट्रांसफार्मर चोरी हुए हैं। अवर अभियंता द्वारा इस मामले की एफआइआर भी कराई जा रही है।