फिरोजाबाद। फिरोजाबाद से कांच और चूड़ी का माल लेकर मध्यप्रदेश जा रहे ट्रक को लूटने के बाद चालक एवं मुनीम की कानपुर देहात के थाना सट्टी में 23 सितंबर को की गई दोनों की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। हत्या आरोपी पूर्व चालक को गिरफ्तार करने के साथ ट्रक बरामद कर लिया है।
एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक लूटने के बाद कानपुर देहात के सट्टी क्षेत्र में थाना रामगढ़ कश्मीरी गेट निवासी दानिश (24) एवं उर्दू नगर निवासी मोहम्मद रफीक (45) की 23 सितंबर को हत्या कर दी गई थी। आरोपी शवों को हाइवे के किनारे डालकर फरार हो गए थे। बुधवार को देर शाम लूटे गए ट्रक सहित आरोपी को जलेसर रोड पानी की टंकी के पास मौजूद होने की सूचना मिली थी। रामगढ़ एसएचओ ने टीम के साथ थाना रामगढ़ के हसमत नगर के निवासी मुशीर पुत्र फरीद को लूटे गए ट्रक सहित गिरफ्तार कर लिया। वैसे मुशीर मूल रूप से कानपुर के भोगनीपुर डाकखाने के पास रहने वाला है।
मुशीर ने बताया कि वह रफीक से पहले शीतल खां रोड स्थित ट्रांसपोर्ट पर काम करता था। लेकिन रफीक ने मालिक से बुराई करके मेरी नौकरी छुड़वा दी थी। इसी कारण रफीक से खुन्नस मानने लगा था। मुशीर ने बताया कि 23 सितंबर को जब उसे पता चला कि रफीक और दानिश ट्रक में लोड माल लेकर मध्यप्रदेश जा रहे हैं तो वह कानपुर जाने के बहाने लालपुर से अपने साथी मुनीर निवासी हसमत नगर और बब्बू के साथ ट्रक में सवार हो गया। कानपुर क्षेत्र में अनंतराम टोल टैक्स के ही पास ट्रक को खड़ा करके सभी ने शराब पी थी।
मुशीर ने तो ईनो पाउडर के बहाने नशीला पदार्थ शराब में मिलाया था। रफीक पीछे सीट पर लेट गया जबकि दानिश सीट पर बैठे-बैठे हुए नींद में था। तभी रफीक की गला काटकर मुनीर एवं बब्बू ने हत्या कर दी। दानिश को भी वजनी वस्तु से मार दिया था। हत्या के बाद दोनों के शवों को कानपुर देहात क्षेत्र में शाहजहांपुर के समीप फेंक दिया था। पुलिस मुशीर के फरार साथियों की तलाश कर रही है।