रेलमार्ग बाधित होने के कारण ट्रैक पर बैठे यात्री
आगरा-दिल्ली रेलमार्ग पर शुक्रवार की सुबह असावटी स्टेशन के पास ओएचई बंद होने के कारण अप रूट का यातायात तीन घंटे तक बाधित रहा। इस कारण गतिमान एक्सप्रेस समेत 12 ट्रेनें विलंब से चलीं। इस वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार सुबह सात बजे दिल्ली की ओर से खाद लेकर आगरा की तरफ जा रही मालगाड़ी पर खाद को बारिश से बचाने के लिए पॉलिथीन से कवर किया गया था। जब मालगाड़ी पलवल से गुजरी, तब पॉलिथीन फट गई और उड़कर असावटी स्टेशन पर ओएचई के तारों में फंस गई। इससे ओएचई से इंजन के पेंटों को मिलने वाला करंट बंद हो गया।
करंट बंद होते ही दिल्ली की ओर आने वाली ट्रेनों को कोसीकलां, छाता, वृंदावन रोड, रूंधी, पलवल, बाद, मथुरा स्टेशन पर रोक दिया। ओएचई पर लिपटी पॉलिथीन को हटाने के लिए कोसीकलां से मेंटीनेंस वैन ले जाई गई। इसके कारण सवा दस बजे तक रेलमार्ग बाधित रहा।
इससे स्वर्ण मंदिर मेल दो घंटा, गतिमान एक्सप्रेस एक घंटा, पश्चिम एक्सप्रेस दो घंटा, इंटरसिटी एक्सप्रेस तीन घंटे, स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस दो घंटा, इंदौर -देहरादून एक्सप्रेस तीन घंटे, ताज एक्सप्रेस एक घंटा, गाजियाबाद शटल एक घंटा की देरी से चली। यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। आगरा मंडल के वाणिज्य प्रबंधक/पीआरओ डॉ. संचित त्यागी ने बताया कि ओएचई में दिक्कत के कारण ट्रैक पर तकरीबन डेढ़ घंटे तक अप रूट की कुछ गाड़ियां प्रभावित रहीं।