एटा। बंदी को इलाज होने के बाद जेल में दाखिल कर दो दिन तक मौज मस्ती करने वाले हेड कांस्टेबल सहित तीन पुलिसकर्मियों को एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने सस्पेंड कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कराई है।
एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने बताया कि पुलिस लाइन में तैनात सिपाही मोहित, ऋषि कुमार और हेड कांस्टेबल राजकुमार जिला कारागार से 30 जुलाई को बंदी डालचंद पुत्र दौजीराम को इलाज के लिए लखनऊ ले गए थे। लखनऊ अस्पताल में इलाज कराने के बाद पुलिसकर्मियों ने बंदी को अगले दिन शाम को लाकर जेल में दाखिल कर दिया। जबकि तीनों ने अपनी आमद पुलिस लाइन में नहीं कराई और दो दिन तक इधर उधर मौज मस्ती करते रहे। बताया गया कि सिपाहियों ने सरकारी असलाह भी जमा नहीं किए थे। दो दिन तक गैर हाजिर होने पर आरआई ने मामले की जानकारी एसएसपी को दी। इसे देख एसएसपी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर हेड कांस्टेबल सहित तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। साथ ही एसएसपी ने बताया कि सस्पेंड हुए पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी कराई जा रही है। जिसमें दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ अगली कार्रवाई की जाएगी।