वृंदावन (मथुरा)। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के प्रबंधक पर कार सवार युवकों द्वारा किए गए हमले के मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास में तीन अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास इमारतों में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं। पुलिस हमलावरों को जल्द पकड़ने का दावा कर रही है।
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के प्रबंधक मुनीष शर्मा पर बीते बुधवार की रात हुआ जानलेवा हमला पहला नहीं था। सात दिन पूर्व भी बाइक सवार दो युवकों ने उन पर हमला किया था। मुनीष शर्मा ने बताया कि जब वे घर के पास पहुंचे ही थे कि एक बाइक पर सवार दो युवक उनके बगल में आए और डंडे से उन पर हमला किया। उनकी पीठ में चोट लगी। इसकी सूचना बांकेबिहारी पुलिस चौकी प्रभारी को दी, लेकिन उन्होंने इसे किसी की शरारत बताते हुए गंभीरता से नहीं लिया। इसी का नतीजा रहा कि बुधवार की रात प्रबंधक पर कार सवार युवकों ने जानलेवा हमला बोल दिया।
मुनीष के मामा राजेश शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हमलावरों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
मंदिर की व्यवस्थाओं में सुधार कर रहे थे प्रबंधक
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर की बिगड़ी व्यवस्था के सुधार के लिए पिछले काफी से प्रबंधक मुनीष शर्मा प्रयास कर रहे थे। उन्होंने मंदिर में कई व्यवस्थाओं में बदलाव भी कराया। यह बदलाव मंदिर के सेवायतों और कुछ बाहरी लोगों को राज नहीं आया। कहीं इसी का नतीजा तो नहीं जो प्रबंधक पर हमला हुआ।