मथुरा। यात्रियों की सुविधा के लिए जंक्शन पर दूसरा पुल बनेगा। इस पुल के बनने से प्लेटफार्म नंबर एक और पांच तक यात्रियों को पहुंचने में परेशानी नहीं होगी। जंक्शन के किसी भी प्लेटफार्म पर पहुंचने के लिए यात्रियों की सुविधा को एक मात्र पुल है। जन्माष्टमी और मुड़िया मेला के दौरान इस पुल पर यात्रियों की भीड़ जमा होने से उन्हें परेशानी होती है। हादसे का खतरा भी मंडराता रहता है।
मेले में आने वाली भीड़ को सतर्क करने के लिए आरपीएफ की ओर से पुल कमजोर होने का चेतावनी बोर्ड भी लगा दिया जाता है। ऐसे में यात्रियों की सुविधा के लिए दूसरा पुल बनाए जाने का प्रस्ताव पूर्व में भेजा गया था। जिसे रेलवे बोर्ड ने मंजूर कर लिया है। पुल के लिए स्थान चिन्हित कर लिया गया है। स्टेशन डायरेक्टर एनपी सिंह ने बताया कि रेलवे बोर्ड से दूसरे फुट ओवरब्रिज मंजूरी मिल गई है। शीघ्र ही पुल का निर्माण शुरू हो जाएगा।