फिरोजाबाद। स्टैंडअप इंडिया योजना से महिलाओं की तरक्की की राह खुलेगी। योजना के तहत महिलाएं दस लाख से लेकर एक करोड़ तक के उद्योग लगा सकेंगी। वहीं प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत नए उद्योग लगाने के लिए 50 हजार से 10 लाख तक ऋण मिलेगा।
केंद्र और प्रदेश सरकार स्वरोजगार स्थापित करने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। महिलाओं की तरक्की को ध्यान में रख स्टैंडअप इंडिया योजना शुरू हुई है। योजना के तहत एससी-एसटी वर्ग की 18 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं नए उद्योग लगाने के लिए आवेदन करेंगी।
उपायुक्त उद्योग शरद टंडन ने बताया कि योजना के तहत सहायता केवल कांच उत्पाद से संबंधित परियोजना के लिए दी जाएगी। आवेदन की जाचं के बाद दस लाख से एक करोड़ तक ऋण दिलाया जाएगा। महिलाओं को व्यापार, सेवा क्षेत्र या नए उद्योग लगाने के लिए न्यूनतम ब्याज दर पर ऋण मिलेगा। महिला उद्यमियों को ऋण 18 माह की ऋण स्थगन की अवधि सहित सात साल में अदा करना होगा।
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत शिशु ऋण 50 हजार, किशोर ऋण पांच लाख और तरुण ऋण के तहत 10 लाख तक के ऋण की व्यवस्था की गई है। दोनों योजनाओं में 10 प्रतिशत सब्सिडी देय होगी। योजना के प्रचार प्रसार के लिए उद्योग विभाग 27 और 28 अप्रैल को सुबह 10.30 बजे जागरूकता कैंप लगाएगा। कैंप में योजनाओं से संबंधित जानकारी दी जाएगी और इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन उपलब्ध कराए जाएंगे।