एटा। खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जिले में चल रहा राशन यूनिटों के आधार फीड करने पर प्रदेश में 20वां स्थान मिला है। राज्य स्तर पर कराई गई रैंकिंग के बाद जिले का स्थान तय होने के बाद फीडिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। आलम यह है कि अब तक महज 55 फीसद यूनिटों के आधार फीड हो सके हैं।
जिले में पूर्ति विभाग की ओर से राशन यूनिटों मेें आधार फीड करने के लिए अभियान चल रहा है। अब तक पांच लाख यूनिटों के आधार फीड हो चुके हैं। इसे लेकर पिछले दिनों राज्य स्तर पर कराई गई रैंकिंग में जिले को 20वां स्थान प्राप्त हुआ है।
इस पर शासन ने चिंता व्यक्त करते हुए फीडिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। आलम यह है कि जिले में पूर्ति विभाग के अधिकारी और डीलर उपभोक्ताओं से आधार जमा करने के लिए कह रहे हैं लेकिन कार्य में तेजी नहीं आ पा रही है। यूनिटों का आधार नहीं देने वाले कार्डधारकों का राशन आज से बंद करने की तैयारी है। इसके लिए पूर्ति विभाग ने व्यवस्था की है।
प्रत्येक डीलर को निर्देश दिए गए हैं और आधार संकलन में पिछड़ने वाले डीलरों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी है। डीएसओ उमेश मिश्रा ने बताया कि आधार फीड नहीं होने से राशन देना संभव नहीं होगा। मुखिया का आधार फीड होना आवश्यक है।