लघु उद्यमियों को मिला रोजगार का जरिया
- फोटो : अमर उजाला
एटा। एटा महोत्सव के पंडाल में सोमवार को एमएसएमई भारत सरकार के सहयोग से नेशनल एससी, एसटी हब का शुभारंभ किया गया। एससी एसटी आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद प्रो. रामशंकर कठेरिया ने एससी, एसटी हब का शुभारंभ किया। महोत्सव में 74 स्टाल का आयोजन 100 प्रतिशत सब्सिडी के साथ किया गया है।
एससी आयोग के अध्यक्ष प्रो. रामशंकर कठेरिया ने कहा कि लघु उद्योग को बढ़ावा देना बहुत जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्टार्टअप इंडिया की शुरूआत की गई है। सामाजिक बराबरी, राजनैतिक बराबरी के साथ-साथ आर्थिक बराबरी भी बहुत आवश्यक है, तभी गरीब तबके के लोग आर्थिक रूप से मजबूत हो सकेंगे। लघु उद्यमियों को सहायता देने के लिए एससी, एसटी हब की शुरूआत की जा रही है, जिससे छोटे उद्यमियों को काफी लाभ मिलेगा। सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड ने कहा कि कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए सरकार पूर्णत: प्रयासरत है। जिले में आयोजित नेशनल एससी, एसटी हब का भरपूर लाभ उठायें।
डीएम अमित किशोर ने कहा कि एससी, एसटी के लोगों को स्वरोजगार हेतु बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। लघु उद्यमियों को इस योजना की जानकारी दी जाए। राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम नोएडा के जोनल जनरल मैनेजर विजय प्रकाश, राष्ट्रीय एससी, एसटी हब आगरा के शाखा प्रबंधक पुष्पेंद्र सूर्यवंशी ने संबोधित किया। संचालन डा. अनीता वसुंधरा ने किया।
सीडीओ उग्रसेन पांडेय, एसडीएम सदर ब्रजेश कुमार सिंह, डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह, प्राचार्य डायट मनोज कुमार गिरि, जिला समाज कल्याण अधिकारी शिव कुमार, डीपीआरओ धनंजय जायसवाल, पीओ डूडा सुभाष वीर सिंह राजपूत, ईडीएम अविरल तिवारी, जीएमडीआईसी सुधीर कुमार यादव समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।