एटा (जैथरा )। क्षेत्र के गांव ढर्रा निवासी बाबा शंकरलाल और नाती चमन प्रकाश की अपहरण के बाद हत्या में पुलिस नजदीक के लोगों पर शक जाहिर कर रही है। पुलिस बाबा नाती की हत्या जमीन के विवाद में होने की आशंका जता रही है। ऐसे में मृतकों के नजदीकी लोग शक के दायरे में है। सीओ अलीगंज अजय भदौरिया ने बताया कि जमीन के विवाद के साथ ही पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मृतक के मोबाइल के माध्यम से भी पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि आठ दिसंबर की रात बाबा शंकरलाल और नाती चमन प्रकाश खेत पर सोते वक्त लापता हो गए थे। रविवार को दोनों के शव पड़ोस के गांव समीप खेत में पुआल में दबे मिले थे।
घराें में नहीं जले चूल्हे
बाबा नाती की हत्या और पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को शव गांव पहुंचने के बाद गांव में मातम का माहौल रहा। करुण क्रंदन व्याप्त होने के साथ ही गांव में अधिकांश घरों के अंदर चूल्हे नहीं जले। इसके साथ ही घटना की जानकारी पाकर दूसरे दिन तक मृतक के घर रिश्तेदार और जानकार लोगाें का आना जाना लगा रहा।
नेत्रपाल ने किया बेटा और पिता का अंतिम संस्कार
थाना क्षेत्र के गांव ढर्रा निवासी नेत्रपाल ने अपने बूढे़ पिता श्ंाकरलाल और बेटे चमन प्रकाश के शवों का सोमवार को अंतिम संस्कार किया। वहीं थाना प्रभारी इंद्रेश पाल सिंह ने बताया कि बाबा-नाती के हत्यारों को अतिशीघ्र जेल सलाखों के पीछे होंगे।
लाइन हाजिर दो सिपाहियों को थाने से हटाया
निकाय चुनाव के समय जैथरा थाने में तैनात सिपाही अखिलेश और संतोष कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया था लेकिन चुनाव के चलते दोनों की थाने में रवानगी नहीं हो सकी थी। बाबा नाती की हत्या के बाद दोनों सिपाहियों की लाइन में रवानगी कर दी गई है।
बालिका हत्याकांड में पुलिस खाली हाथ
थाना मलावन क्षेत्र के एक गांव निवासी चार वर्षीय मासूम की हत्या में पुलिस चौबीस घंटे बाद भी हत्या का कारण और आरोपियों का सुराग नहीं लगा सकी है। थाना मलावन प्रभारी सुम्मेरसिंह ने बताया कि कुछ लोग हिरासत में लिए गए है। बच्ची की हत्या के पीछे परिवार के लोगों का हाथ होने की भी पुलिस को आशंका है।
इधर, मासूम के शव का तीन डाक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम कराया। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद भी चिकित्सक बच्ची की मौत का कारण स्पष्ट नहीं कर सके हैं। ऐसे में बालिका का बिसरा सुरक्षित कराया गया है। हालांकि पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों ने बच्ची के गले पर चोट के निशान होने की बात कही है। चिकित्सकों ने दुष्कर्म की आशंका के मद्देनजर स्लाइड तैयार कराई है।
बता दें कि शनिवार सुबह खेलते समय चार वर्षीय मासूम लापता हो गई थी। रविवार सुबह उसका शव खेत में पड़ा मिला था।